झारखंड में ”आप” अकेले लडे़गी विधानसभा चुनाव

Spread the love

झारखंड में आम आदमी पार्टी इंडिया गठबंधन से अलग होकर विधानसभा चुनाव लड़ेगी.

वो राज्य की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी. पार्टी की बैठक में यह फैसला लिया गया.

लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन में रहकर एक भी लोकसभा सीट पर उम्मीदवार नहीं उतारने वाली अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी ने झारखंड विधानसभा की सभी 81 सीटों पर उम्मीदवार उतारने का एलान कर दिया. रांची के चापुटोली में प्रदेश आप कार्यालय में देर शाम तक चली पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में यह फैसला लिया गया.

झारखंड के सभी 81 विधानसभा में चुनाव लडे़गी आपः डीएन सिंह

रांची में प्रदेशस्तरीय दो दिवसीय कार्यकर्ताओं की बैठक में प्रदेश संयोजक डीएन सिंह की उपस्थिति में सर्वसम्मति से सभी 81 विधानसभा क्षेत्र में व्यवस्था परिवर्तन यात्रा निकालने पर सहमति बनी. पार्टी के प्रदेश कार्यालय में सम्पन्न हुई बैठक की जानकारी देते हुए पार्टी के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी प्रभात शर्मा ने कहा कि चुनाव लड़ने को इच्छुक पार्टी के नेता को अपने अपने क्षेत्र चुनावी तैयारियों में लग जाएं.

वहीं आप के झारखंड संयोजक डीएन सिंह ने कहा कि संगठन में अनुशासनहीनता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि झारखंड गठन के 24 साल हो गए. इस दौरान कई दल सता में आए और गए लेकिन झारखंड में व्यवस्था नहीं बदली. आज राज्य की जनता अपनी छोटी-छोटी समस्याओं को लेकर परेशान है लेकिन उनकी कोई सुनने वाला नहीं है. प्रदेश में हर दिन जमीन का झगड़ा, मारपीट, हत्या की खबरें आम हैं. उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार से जनता परेशान हैं.

आप के झारखंड प्रदेश उप संयोजक प्रेम कुमार ने कहा कि व्यवस्था बदलाव यात्रा के माध्यम से पूरे 81 विधानसभा क्षेत्र में 24 साल का हिसाब किताब होगा. वहीं, प्रदेश उपाध्यक्ष अजय भगत ने कहा कि झारखंड के आदिवासी- मूलवासी आज भी बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य व्यवस्था और रोजगार के लिए तरस रहे हैं. सरकारी स्कूलों में शिक्षक नहीं हैं, अस्पतालों में सुविधा नहीं है.

प्रदेश प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा ने कहा कि झारखंड में शहरी क्षेत्र में होल्डिंग टैक्स दोगुना से ज्यादा हो गया. पीने के पानी का टैक्स वसूला जा रहा है. राज्य की वर्तमान सरकार यदि जनता को मुफ्त पानी भी उपलब्ध नहीं करा सकती तो ऐसी सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है. प्रदेश उपाध्यक्ष हरि सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी जनता के हक और अधिकार के लिए झारखंड की अस्मिता को बचाने की लड़ाई लड़ेगी. प्रदेश प्रवक्ता सौरभ श्रीवास्तव और ओंकार नाथ जायसवाल ने कहा कि झारखंड को 24 घंटा बिजली और हर परिवार को 300 युनिट मुफ्त बिजली चाहिए यही आप के चुनावी मुद्दे होंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *